बागबाहरा में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन
बालक वर्ग में हर्ष व बालिका वर्ग में देवांगी विजेता
महासमुंद। जिला स्तरीय अंडर-19 बैडमिंटन चयन प्रतियोगिता जिला बैडमिंटन संघ महासमुंद द्वारा 21-22 जून को बैडमिंटन हॉल बागबाहरा में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में पिथौरा, बसना, सरायपाली, बागबाहरा एवं महासमुंद के 25 खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति से खेली गई जिसमें बालक वर्ग में पूल ए से महासमुंद के तन्मय साहू एवं बागबाहरा के प्रियदर्शन चिन्दा सेमीफाइनल में पहुंचे वही पूल बी से महासमुंद के हर्ष शर्मा एवं महासमुंद के ही अरिन चंद्राकर सेमीफाइनल में पहुंचे। प्रथम सेमीफाइनल में प्रियदर्शन ने तन्मय साहू को 21-13, 21-10 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरी तरफ दूसरे सेमीफाइनल में हर्ष शर्मा ने अरीन चंद्राकर को 21-8, 21-12 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच काफी रोमांचक एवं संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें हर्ष शर्मा ने प्रियदर्शन को 21-17, 13-21, 21-16 से हराकर महासमुंद डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में बागबाहरा की देवांगी साहू ने महासमुंद की प्रियांशी साहू को 21-11, 21-9 से हराकर डिस्ट्रिक्ट चैंपियन बनी।
