विधायक की मौजूदगी में शाला प्रवेशोत्सव, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है सरकार- अटामी
दंतेवाड़ा, 23 जून 2025। सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। इस दिशा में स्कूलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं सहित शिक्षक की पदस्थापना कर पढ़ाई के लिये सभी सुविधाएं मुहैया करा रही है। इसके अलावा एक शिक्षा का विकास सर्वांगीण होगा। यह बात विधायक चैतराम अटामी ने शाला प्रवेशोत्सव को सम्बोधित करते हुए कही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवप्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें स्कूल बस्ता, पाठ्यपुस्तकें आदि प्रदान किया।
इस मौके पर विधायक श्री अटामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जिले के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने अच्छे अंक प्राप्त करने वाले सभी बच्चों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अतिथियों ने 10वीं और 12वीं अच्छे अंक से उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को सम्मान भी किए और सरस्वती सायकल योजना के तहत 22 छात्रों को साइकिल भी वितरित किए गए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एस.के अम्बस्ट, डीएमसी हरीश गौतम सहित अन्य अधिकारीगण, स्कूली शिक्षक-शिक्षिकाएं बच्चों के माता-पिता, अभिभावकों के साथ ही बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
