महतारी वंदन योजना की राशि का नियमित भुगतान नहीं : निखिलकांत

नियमित भुगतान व नए पंजीयन के लिए पोर्टल शुरू करने की मांग
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं के खाते में प्रत्येक माह नियमित राशि प्रदान करने तथा नवविवाहिताओं को भी योजना का लाभ प्रदान करने शीघ्र पोर्टल शुरू करने की मांग शासन से की है। नपाध्यक्ष साहू ने बताया कि यह जानकारी मिल रही है कि विगत 3 माह से अनेक हितग्राहियों को राशि नहीं मिल पाई है। शहर की अनेक माताओं-बहनों ने उन्हें बताया है कि उनके बैंक खाते में महतारी वंदन की राशि 2-3 माह से नहीं आई है, जिससे उन्हें बार-बार बैंकों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। साहू ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के बाद से प्रदेश में आधे से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खाते में महतारी वंदन योजना की राशि आनी बंद हो गई है। पोर्टल शुरू न होने से नए हितग्राही तो लाभ से वंचित हैं ही, साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं को अपात्र बताकर उनका नाम लाभार्थी सूची से लगातार हटाया जा रहा है। सुशासन तिहार के दौरान भी लगभग सभी जिलों में महतारी वंदन योजना में लाभ के लिए नाम जुड़वाने बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने आवेदन किए हैं। साथ ही अनेक महिलाओं ने राशि बंद होने की शिकायत भी की। लेकिन, इस दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पा रही है। नपाध्यक्ष साहू ने कहा कि सरकार दावा करती है कि प्रदेश के 70 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है। यह दावा वर्तमान में जो स्थिति है, कोरा साबित हो रहा है। अनेक महिलाएं ऐसी हैं जिनके बैंक खाते में शुरू-शुरू के दो-चार महीने के बाद राशि आनी ही बंद हो गई। वहीं, पेंशनधारी बुजुर्ग, विधवा पेंशन, परित्यक्ता पेंशनधारी महिलाओं को 500 रुपए काटकर राशि दी जा रही है,जो अन्याय है। विधवा, पेंशनधारी बुजुर्ग, निराश्रित, परित्यक्ता महिलाओं को इस राशि की और अधिक आवश्यकता है। नियमत: इन्हें 1000 रुपए महतारी वंदन योजना के तहत तथा 500 रुपए निराश्रित पेंशन मिलाकर 1500 रुपए प्रदान करना चाहिए।