शिवसेना के ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश और सरायपाली के बल्लू निष्कासित

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिवसेना जिला इकाई महासमुंद की बैठक स्थानीय विश्राम गृह में प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ठाकुर एवं प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव भारतीय कामगार सेना आनंद तिवारी की उपस्थिति में हुई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक चर्चा की गई। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर बसना ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश सेठ व सरायपाली से दिनेश राजपूत (बल्लू) को पद से निष्कासित कर दिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के नाम पर अवैध चंदा वसूली करने वालों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। साथ ही एफआईआर दर्ज भी कराई जाएगी। दिनेश सेठ बसना को उनके पद से निष्कासित कर दिया गया है। इनकुमार लहरे को जिला महासचिव, कुणाल सोनी को बसना विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सेवक दास दीवान, जिलाध्यक्ष अजय बंजारे के अलावा भारी संख्या में शिव सैनिक उपस्थित रहे।