पीपरछेड़ी और खोलझर में आयोजित समाधान शिविर में हितग्राहियों को मिली सौगात
पीपरछेड़ी कलस्टर के 3716 एवं ग्राम खोलझर में 3127 आवेदनों का किया गया निराकरण
बालोद, 29 मई 2025। सुशासन तिहार के तीसरे एवं अंतिम चरण के अंतर्गत जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम पीपरछेड़ी और डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम खोलझर में आयोजित समाधान शिविरों में शामिल लोगों के लिए सौगातों भरा रहा। इसी कड़ी में आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम पीपरछेड़ी में आयोजित समाधान शिविर में ग्राम भेंगारी, निपानी, तमोरा, अगोरा, लिमोरा, भेंड़िया नवागांव, बोड़की, पोण्डी, परसोदा, चिचबोड़, अंगारी, चारवाही, बिरेतरा के निवासी शामिल हुए। इसी प्रकार डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम खोलझर में तुमड़ीकसा, चिखली, भंवरमरा, अरजपुरी, पिंगाल, किल्लेकोड़ा, झरनटोला, कोसमी, खड़बत्तर, बंजारी, जाटादाह बगईकोन्हा, मड़ियाकट्टा, सहगांव के ग्रामीण समाधान शिविर में शामिल हुए। सुशासन तिहार के अवसर पर बालोद विकासखण्ड के पीपरछेड़ी में आयोजित समाधान शिविर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जनपद सदस्य टेमन साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पे्रम साहू, धमेन्द्र साहू, अरूण साहू, संजय साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। इसी तरह ग्राम खोलझर के शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनबरसा, उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर, नगर पंचायत अध्यक्ष डौण्डीलोहारा लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
ग्राम पीपरछेड़ी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया ने कहा कि सुशासन तिहार के आयोजन के माध्यम से राज्य सरकार के द्वारा आम जनता के मांगों एवं समस्याओं का पड़ताल कर समयबद्ध तरीके से उनका समुचित निराकरण करने का अभिनव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि आने वाले समय में हम सभी को इस सुशासन तिहार का दूरगामी असर देखने को मिलेगा। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधयों ने भी सुशासन तिहार के आयोजन की उद्देश्यों की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के पहले चरण के ग्राम पीपरछेड़ी कलस्टर में शामिल ग्राम पंचायतों के लोगों के द्वारा प्रस्तुत किए गए 3716 एवं ग्राम खोलझर कलस्टर में शामिल लोगों के द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 3127 आवेदनों का परीक्षण के उपरांत संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। आज जिले के शिविरों में हितग्राहियों को सुशासन तिहार के दौरान बनाए गए उनका राशन कार्ड, श्रम कार्ड, मनरेगा जाॅब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति पत्र, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के अलावा उन्नत किस्म के धान बीज, कीटनाशक दवाई, खाद बीज के वितरण के अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों को छड़ी एवं श्रवण यंत्र आदि के अलावा मछली पालन विभाग द्वारा हितग्राहियों को आईस बाॅक्स एवं मछली जाल प्रदान किया गया। इसके अलावा शिविर में अनेक हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान शिविर में उपस्थित अतिथियों के द्वारा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट प्रदान कर उनके गोद भराई रस्म और नन्हे मुन्हे बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्रासन संस्कार को भी पूरा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने ’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम स्थल में पौधरोपण भी किया। इसके साथ ही अतिथियों ने जिले में लगातार घट रहे भूजल स्तर के मद्देनजर जल संरक्षण के उपाय तथा इनके संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में अपनी अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई।
आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम पीपरछेड़ी में आयोजित समाधान शिविर के दौरान विभिन्न विभाग के अधिकारियों के द्वारा सुशासन तिहार के पहले चरण के दौरान पीपरछेड़ी कलस्टर के अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 2379, खाद्य विभाग को 360, समाज कल्याण विभाग को 340, राजस्व विभाग को 102, महिला एवं बाल विकास विभाग को 140, विद्युत विभाग को 146, शिक्षा विभाग को 63, स्वास्थ्य विभाग को 30 सहित कुल 3716 आवेदन मिलने की जानकारी दी गई। इसी प्रकार आज ग्राम खोलझर में आयोजित समाधान शिविर के दौरान विभिन्न विभाग के अधिकारियों के द्वारा सुशासन तिहार के प्रधानमंत्री आवास योजना के 520, मनरेगा अंतर्गत 462, राशन कार्ड के लिए 592, समाज कल्याण विभाग को 328, महिला एवं बाल विकास विभाग को 104 सहित कुल 3127 आवेदन मिलने की जानकारी दी गई। सभी विभाग के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरान्त सभी आवेदनों की निराकरण करने की जानकारी दी गई।
