शासकीय भूमि पर पूर्व सरपंच द्वारा किया गया अतिक्रमण पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
राजस्व विभाग में लंबे समय से चल रहे प्रकरण के निराकरण के बाद कार्रवाई
महासमुंद। ग्राम पंचायत कांपा के आश्रित ग्राम परसवानी में खेल मैदान व श्मशान भूमि पर पूर्व सरपंच के अतिक्रमण पर प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर चलावाया। अतिक्रमण हटाने को लेकर लगातार तीन साल से राजस्व विभाग में चल रहे प्रकरण के निराकरण के बाद कार्रवाई हुई। ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने राजस्व विभाग से कार्रवाई की मांग की थी। राजस्व अमला ने ग्राम पंचायत अंतर्गत आठ एकड़ शासकीय भूमि से कब्जा हटाकर शासकीय भूमि ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी।
बता दें कि ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तीन साल से राजस्व विभाग में शिकायत पत्र देते आ रहे थे। ग्राम पंचायत कांपा की सरपंच विकास चंद्राकर ने बताया कि गांव में समस्या थी। पूर्व सरपंच संदीप चंद्राकर ने शासकीय खेल मैदान और शमशान घाट पर कब्जा कर रखा था। ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने को लेकर राजस्व विभाग में केस किया था। कलेक्टर के आदेश के बाद राजस्व अमला ने आठ एकड़ शासकीय भूमि कब्जा मुक्त की है। अतिक्रमण हटाने में ग्रामीणों का सहयोग रहा। तहसीलदार टिकेंद्रन नरूटी और पटवारी तरुण चंद्राकर ने राजस्व अमला, पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान अतिक्रमित भूमि पर बुलडोजर चलाकर समतल किया गया। कार्रवाई के दौरान सरपंच विकास चंद्राकर, पंच टेमन चंद्राकर, पितांबर साहू, बेनू साहू, गजेंद्र साहू, जितेंद्र चंद्राकर, रमाकांत चंद्राकर, दीपक चंद्राकर, खोलू साहू, रोशन यादव, अशोक यादव, विक्रम यादव, मनोज सेन, राजेंद्र चंद्राकर, अनिल चंद्राकर और कोतवाल मौजूद थे।
अतिक्रमित भूमि पर 10 सालों से खेती कर रहा था पूर्व सरपंच
बताया गया कि पूर्व सरपंच संदीप चंद्राकर अतिक्रमित शासकीय भूमि पर बोर उत्खनन कराकर खेती कर रहा था। श्मशान घाट पर अतिक्रमण के कारण अंतिम संस्कार के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा था। यहां तक कि खेल मैदान बच्चों के लिए नहीं था।
