एफआईआर दर्ज नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी
महासमुंद। तुमगांव नगर पंचायत के अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने उपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पति द्वारा गाली-गलौज करने तथा कार्यालय में घुसकर जान से मारने की शिकायत करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग एसपी से की है। नपं अध्यक्ष का आरोप है कि सत्ता पक्ष के होने के कारण दूसरे पक्ष की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है वहीं 10 दिन बीतने के बाद भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। साहू ने 3 दिन के अंदर कार्रवाई करने अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।
श्री साहू ने एसपी को सौंपे गए पत्र में कहा है कि 17 मई को वह अपने साथियों के साथ नगर पंचायत में थे उसी समय उपाध्यक्ष सावित्री निर्मलकर के पति उत्तम निर्मलकर भी वहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप लोग ओव्हर ब्रिज पास स्थित मेरे कार्यालय गए थे उसके बाद से मेरे ट्रक के दो नग टायर गायब है। इसकी शिकायत थाना में करने जा रहा हूं, यदि आप लोग यह काम किए होंगे तो मेरे दोनों टायर वापस कर दो अन्यथा शिकायत करूंगा। जिस पर उत्तम निर्मलकर गाली-गलौज करने लगा तथा उत्तम की पत्नी सावित्री ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए चप्पल उतारकर मारने का प्रयास करने किया। सावित्री ने उन्हें छेड़छाड़ जैसे झूठे मामले में फंसा देने की धमकी दी और उत्तम ने भी साहू को कार्यालय व घर में घुसकर मारने की धमकी दी।
