सरकारी डॉक्टरों की मनमानी पर नकेल कसने सौंपा ज्ञापन
महासमुंद। भाजपा व किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने गत दिनों जिला अस्पताल के सरकारी डॉक्टरों की मनमानी पर लगाम कसने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। तुषार ने कहा कि सरकारी अस्पताल में दोपहर दो बजे के बाद डिलीवरी, गंभीर बीमारों और दुर्घटनाग्रस्त लोगों के इलाज में परेशानी हो रही है। अस्पताल में दोपहर दो बजे के बाद डॉक्टर नहीं मिलते। जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर अपनी ड्यूटी पीरियड में भी अस्पताल से नदारद रहते हुए निजी अस्पतालों में ओपीडी प्रैक्टिस कर रहे हैं।
तुषार ने आगे कहा कि जिले में ऐसे कई शासकीय डॉक्टर हैं, जिनका खुद का अस्पताल है या फिर कुछ अस्पतालों में पार्टनरशिप में काम चल रहा है। निजी अस्पतालों में बकायदा इन डॉक्टरों के नाम और ओपीडी टाइमिंग का बोर्ड चस्पा है। ऐसे डॉक्टरों पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन और जिला चिकित्सा अधिकारी को कड़ाई बरतने की जरूरत है। शासकीय अस्पताल के डॉक्टरों की सेवा लेने वाले निजी अस्पतालों पर भी कार्रवाई की जाए।
