महराजगंज, कोटागहना, गैना में समाधान शिविर
स्टालों के माध्यम से जनसामान्य को मिल रही योजनाओं की जानकारी
ग्रामीणों ने ब्लड प्रेशर, मधुमेह का कराया परीक्षण
बलरामपुर 16 मई 2025/ सुशासन तिहार अंतर्गत आज जनपद पंचायत बलरामपुर के महराजगंज, राजपुर के कोटागहना, वाड्रफनगर के गैना में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार कलस्टर में जुड़े ग्रामों के जनसामान्य की समस्याओं का समाधान शिविर में किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस दौरान शासन की विभिन्न योजना से जनसामान्य लाभान्वित हो रहे है। ग्रामीण स्टॉल का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ले रहे है। साथ ही स्टॉल में बैठे अधिकारी कर्मचारी जनसामान्य से रूबरू होते हुए ग्रामीणों की समस्याओं को तन्मयता पूर्वक सुन निराकरण कर रहे है। इस दौरान राजपुर शिविर में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, महाराजगंज शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, नगरपालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा से ग्रामीणों को मिला लाभ
मौसमी बीमारी से बचाव के लिए दी गई जानकारी
शिविर में ग्रामवासियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच सुविधा भी दी गई है जिसमें ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपचार के लिए बड़ी संख्या में रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर, मधुमेह का परीक्षण कराया। स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही आम नागरिकों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने आधार कार्ड बनवाया तथा आधार अपडेशन भी करवाया। शिविर में किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ लिया।
इसी प्रकार विकासखण्ड राजपुर के ग्राम पंचायत कोटागहना में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा की उपस्थिति में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्रीमती पैकरा के द्वारा 10 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र, 03 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 05 हितग्राहियों को ई श्रम कार्ड, 05 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री आवास के 05 हितग्राहियों को चाबी, 05 महिलाओं को लखपति दीदी सम्मान प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। और सुशासन तिहार अन्तर्गत प्रथम चरण में प्राप्त मांग के 3306 और शिकायत के 62 आवेदनों पर की गई कार्यवाही एवं निराकरण के सम्बन्ध में समस्त विभाग प्रमुख के द्वारा शिविर में उपस्थित लोगों को बताया गया साथ ही शिविर स्थल पर कुल प्राप्त 271 मांग और 02 शिकायत के आवेदनों पर कार्यवाही कर किये गए निराकरण की जानकारी सम्बन्धित विभाग के द्वारा आवेदक को दिया गया।
शंकरगढ़ समाधान शिविर में शामिल हुए सरगुजा सासंद एवं सामरी विधायक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप ‘साय सरकार तुहर दुआर’ अंतर्गत जनपद पंचायत शंकरगढ़ के मार्गदर्शन में समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में इस शंकरगढ़ कलस्टर शिविर में सरगुजा सासंद चिंतामणि महाराज सामरी विधायक श्रीमति उद्वेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, जनपद अध्यक्ष श्रीमति चिन्तामणी भगत, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, कलस्टर में सम्मिलित ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, पंच व सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।
शिविर में आमजनों को सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। शिविर में बताया गया कि सुशासन तिहार 2025 अन्तर्गत 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक जन समस्याओं पर आवेदन व शिकायत का आवेदन लिया गया जिसके तहत् विकासखण्ड शंकरगढ़ को कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए थे जिनका निराकरण पूर्ण कर लिया गया है। एवं शंकरगढ़ शिविर के दौरान कुल 833 आवेदन प्राप्त हुए जिनका शीघ्र निराकरण किया जायेगा। इस संवाद से समाधान शिविर में हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही 04 हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका, 04 हितग्राहियों को श्रम पंजीयन कार्ड, 04 हितग्राहियों को जॉब कार्ड, 03 हितग्राहियों को आवास की चाबी, 06 हितग्राहियों को मच्छरदानी, 02 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 02 हितग्राहियों को बकरी शेड, 04 हितग्राहियों को डबरी निर्माण, 19 हितग्राहियों को राशनकार्ड का वितरण किया गया।
