पटवारी से मारपीट, मोबाइल तोड़ा अपराध दर्ज
महासमुंद। ग्राम पेंड्रावन में ग्रामीणों के आवेदन का निराकरण कर रहे पटवारी के साथ 8-10 लोगों ने मारपीट करते हुए शासकीय कागजात को फाड़कर उनका मोबाइल तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न 9 धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार सांकरा थाना क्षेत्र निवासी व ग्राम पेंड्रावन में पदस्थ पटवारी विनय पटेल 28 अप्रैल को लगभग 10.20 बजे ग्राम पंचायत भवन पेण्ड्रावन में सुशासन तिहार 2025 के आवेदनों (शासकीय कार्य) का निराकरण करने उपस्थित थे। इस दौरान ग्राम कोटवार सद्माबाई एवं भूमिहीन कृषक रमेश, आशाराम का प्रतिवेदन बना रहा था, तभी ग्राम नवागांव निवासी निरंजन एवं ग्राम पेण्ड्रावन निवासी टिकेन्द्र, त्रिपन, मनोज, यशवंत कुमार सहित 8-10 लोग टिकेन्द्र की बोलेरो से आए और ग्राम पंचायत भवन के सामने हमारा काम नहीं करता, कहते हुए पटवारी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। निरंजन ने प्रार्थी का मोबाइल छीन कर तोड़ दिया और टिकेन्द्र ने शासकीय कागजात को फाड़ दिया।
उक्त लोगों ने उसे बंधक बनाकर एक घण्टे तक ग्राम पंचायत भवन में रखा। दूसरे ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी भाग निकले। मारपीट की घटना को देखकर कोटवार सद्माबाई बेहोश हो गई। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को देने के बाद उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में प्रार्थी के आवेदन पर सांकरा पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 221, 132, 121(1), 191(1), 190, 296, 351(2), 127(2), 324(2), बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
