अखंड ज्योति तीर्थ यात्रा आज महासमुंद पहुंचेगी

महासमुंद। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा माताजी की जन्म शताब्दी वर्ष (2026) एवं अखंड दीपक के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संपूर्ण भारतवर्ष में अखंड ज्योति तीर्थ यात्रा निकाली जा रही है। यह रथ यात्रा 23 अप्रैल को महासमुंद जिले में प्रवेश कर रही है। यह यात्रा आने वाले एक महीने तक जिले के सभी विकासखंडों के लगभग 600 ग्रामों का भ्रमण करेगी। इस दौरान सत्संग, दीपयज्ञ, विचार गोष्ठियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विचार क्रांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अखंड दीपक वह दिव्य ज्योति है, जिसे गायत्री परिवार के संस्थापक पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने अपने 24 वर्षों की तपस्या एवं महापुरश्चरण के दौरान प्रज्ज्वलित की थी। यह दीपक उनकी तप-साधना, त्याग और संकल्प का प्रतीक है। इस दिव्य ज्योति के दर्शन मात्र से ही व्यक्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा और पुण्य लाभ की अनुभूति होती है। यह दीपक आज भी अखंड रूप से जल रहा है और करोड़ों लोगों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है।
23 अप्रैल को महासमुंद में रथ यात्रा के तहत प्रात: 8:30 से 10 बजे शिवानंद कॉलोनी (शिव मंदिर के पास), 10 से 11 बजे गायत्री शक्तिपीठ, महासमुंद, 11 से 12 बजे शारदा मंदिर, इमलीभाठा, तुमगांव रोड, दोपहर 1 से 2 बजे खरोरा, 2 से 3 बजे श्रीराम मंदिर, गांधी चौक, सायं 3 बजे से गायत्री शक्तिपीठ, खैरा रहेगा।