सोनार दुकान से गहनों की चोरी, सीसीटीवी में चोर कैद
महासमुंद। बड़े साजापाली के एक ज्वेलर्स दुकान से 90 हजार रुपए से ज्यादा के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। मामले की रिपोर्ट बसना थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को बड़े साजापाली स्थित उपकार ज्वेलर्स के संचालक उमाशंकर सोनी ने बताया कि 16 अप्रैल को वह दुकान में बैठा था। उसी दौरान एक अज्ञात ग्राहक सोना खरीदने आया और चांदी की ताबीज व सोने की फुली दिखाने कहा।
जिस पर उन्होंने सामान दिखाया तब अज्ञात ने उसे पसंद नहीं किया और कान का टॉप्स दिखाने कहने लगा और दुकान से बिना सामान लिए चला गया। जाते-जाते काउंटर में 2 हजार रुपए रखा और कहा कि वह पत्नी को लेकर आ रहा है, तुम्हारे दुकान से और सामान लूंगा कहा। प्रार्थी ने उसके जाने के बाद सोने-चांदी के जेवर को चेक किया तो कान की बाली 01 नग कीमत 23984 रुपए एवं सोने का टॉप्स 03 नग कीमत 69526 रुपए कुल 93510 रुपए के सामान नहीं थे। बाद दुकान की सीसीटीवी फुटेज को देखा तो उक्त अज्ञात ग्राहक दुकान से सोने की चोरी करता दिखा। मामले की शिकायत पर बसना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305, 332(सी)-बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
