ट्रैक्टर और घड़ी चोरी के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार
महासमुंद। बागबाहरा और खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत घड़ी और ट्रैक्टर चोरी के मामले में कुल पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बागबाहरा पुलिस ने बताया कि शांतिनगर बागबाहरा निवासी दीपक नरेडिया मेन रोड बागबाहरा अस्पताल के सामने स्थित घड़ी दुकान विराट वॉच से 5-6 अप्रैल की रात घड़ी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर अज्ञात के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस टीम चोरों की खोजबीन कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बागबाहरा निवासी मोहित कुमार उर्फ बिल्ला और शिव राजपूत को घड़ियों की बिक्री के लिए ग्राहक तलाशते देख दोनों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने विराट वॉच घड़ी दुकान में घुसकर घड़ियों, सेल अन्य सामान चोरी किया जाना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से 14 नग विभिन्न कंपनी की हाथ घड़ियां, विभिन्न सेल/बैटरी जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं खल्लारी थाना क्षेत्र में लगे मेला से ट्रैक्टर चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि खल्लारी निवासी गणेश रात्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल को अपने मालिक राजू दीप के ट्रैक्टर क्र. सीजी06एचए9285 में ट्राली में बिठाकर अपने पूरा परिवार को मेला घुमाने खल्लारी गया था और ट्रैक्टर को बिजली आफिस के सामने खड़ा किया था, मेला घूमकर रात करीब 11.30 बजे वापस लौटे तो ट्रैक्टर की इंजिन नहीं थी।
विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना में मिली कि ट्रैक्टर के पुराने ड्राइवर जीतू यादव को घटनास्थल के आस-पास देखा गया था। जिस पर जीतू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने ट्रैक्टर को अपने साथी कन्हैया ध्रुव व टिकेश्वर ठाकुर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि तीनों मेला गए जहां पर बिजली ऑफिस खल्लारी के पास वाहन पार्किंग के पास ट्राली सहित ट्रैक्टर में से इंजन (ट्रैक्टर) को चोरी कर टिकेश्वर ठाकुर के ग्राम घोघरा के घर में ब्यारा में छिपाकर रखना बताया। पुलिस टीम ने आरोपी भानपुर बागबाहरा निवासी टिकेश्वर ठाकुर (18), कन्हैया ध्रुव (35) को गिरफ्तार कर महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर इंजन जब्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना खल्लारी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
