नवकिरण अकादमी के समन्वयक को हटाने छात्रों ने सौंपा ज्ञापन
महासमुंद। नवकिरण अकादमी के समन्वयक को हटाने की मांग को लेकर आज सभी छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर जनचौपाल पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि समन्वयक की लापरवाही और उनके द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने बताया कि अकादमी में बार-बार छुट्टी दे दी जाती है, वाई फाई महीने की 15 तारीख के बाद बंद कर दिया जाता है साथ ही डिस्कशन रूम को भी जबरन बंद कर दिया गया है। विद्यार्थियों की छोटी-छोटी समस्याओं को समन्वयक द्वारा हल नहीं किया जाता, समन्वयक द्वारा हमेशा मनमानी की जाती है जिससे परेशान होना पड़ता है। बताया कि आगामी महीनों में पीएससी व व्यापमं की बहुत सी परीक्षाएं होनी है तथा पीएससी मेन्स एवं एडीआई, एडीईओ, नीट की परीक्षा जून में होनी है। हमें पढ़ाई में दिक्कत आ रही है। इसलिए समस्याओं का निराकरण के लिए नवकिरण अकादमी के समन्वयक को हटा दिया जाए।
