10वीं-12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा

551 मूल्यांकनकर्ता कर रहे उत्तरपुस्तिकाओं की जांच  
महासमुंद। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12 वीं की परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन आज पूरा हो गया। इन उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लगे जिले के 551 मूल्यांकनकर्ताओं ने पिछले 20 दिनों में कुल 91 हजार से अधिक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच कर ली है। अब महज 108 उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए शेष रह गया था उनकी भी जांच आज पूरी हो कर ली गई है।अब कापियां पुन: बोर्ड भेजने की तैयारी है। संभावना जताई जा रही है कि 15 से 20 मई के बीच दोनों बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आ सकते हैं।
बता दें कि 10वीं और 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिला मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उमाशा को केन्द्रीय मूल्यांकन केन्द्र बनाया गया है। बोर्ड परिक्षाओं का मूल्यांकन 26 मार्च से शुरू हुआ और उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन कार्य इस बार 2 चरणों में समाप्त होने जा रहा है। प्रथम चरण 26 मार्च तथा द्वितीय चरण 4 अप्रैल से शुरू हुआ। प्रथम चरण में 18 तक हुई परीक्षाओं के पर्चे जांचने के पश्चात द्वितीय चरण में 18 के बाद हुई परीक्षाओं के पर्चे की जांच शुरू हुई । केन्द्रीय मूल्यांकन अधिकारी हेमेन्द्र आचार्य ने बताया कि इस बार प्रथम चरण में 10 वीं की 45014 व दूसरे चरण में 6755 कुल 51769 उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त हुई थीं । इसी तरह 12 वी की प्रथम चरण में 31909 व दूसरे चरण में 7450 कुल 39359 उत्तरपुस्तिकाएं जांच के लिए मिली थीं। हमें 17 अप्रैल तक मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य मिला था। 14 अप्रैल तक दसवीं और बारहवीं की कुल प्राप्त 91128 उत्तरपुस्तिकाओं में से 91020 पर्चों की जांच पूरी हो चुकी है शेष 108 का मूल्यांकन आज समाप्त हो जाएगा और बुधवार को सभी कापियां बोर्ड भेज दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस बार उत्तरपुस्तिकाओं की जांच में कुल 551 मूल्यांकनकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गयी थी और 13 स्टॉफ अलग से व्यवस्था में था। इस बार दसवीं के पर्चे की जांच हेतु 10 रुपए तथा बारहवीं के लिये 11 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएगी।
विद्यार्थियों की नहीं मिली कोई अपील
केन्द्रीय मूल्यांकन अधिकारी श्री आचार्य ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं में जिस तरह से कई बार विद्यार्थी मूल्यांकनकर्ता से गुजारिश करते थे, ‘सर, हम बहुत गरीब हैं… पास कर दीजिए।’ कहीं नोट चिपकाना, गाना लिखना, किसी विषय में पूरी कापी में निबंध लिख देना जैसे केस इस बार सामने नहीं आए हैं।
पांचवीं- आठवीं का मूल्यांकन जारी
 इधर, पांचवीं और आठवीं की कापियों का मूल्यांकन सात अप्रैल से शुरू हो गया है। जिले के पांचों ब्लॉकों महासमुंद, बागबाहरा, बसना, पिथौरा व सरायपाली में  कुल 10 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां कापियों की जाँच की जा रही है। कई ब्लॉक में मूल्यांकन का कार्य पूरा हो चुका है। मूल्यांकन के बाद परिणाम जारी किए जाएंगे।

इन्हें भी पढ़े