पोषण पखवाड़ा का आयोजन 22 अप्रैल तक

कोण्डागांव, 08 अप्रैल 2025/ केंद्र एवं राज्य सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार पोषण अभियान के अंतर्गत “पोषण पखवाड़ा 2025” का आयोजन 8 अप्रैल से 22 अप्रैल तक जिले में भी किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोषण पखवाड़ा के सफल आयोजन हेतु सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कैलेंडर के अनुसार प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया है।
जारी निर्देशानुसार पोषण पखवाड़ा के दौरान जीवन के प्रथम 1000 दिवस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पोषण ट्रैकर में उपलब्ध बेनिफिशियरी मॉड्यूल का प्रचार-प्रसार, सी-मैम मॉड्यूल के माध्यम से कुपोषण प्रबंधन तथा बच्चों में मोटापे की रोकथाम हेतु स्वस्थ जीवनशैली पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त कुपोषण मुक्ति के लिए जनजागरूकता, संवेदीकरण तथा विविध समुदाय-आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें आंगनबाड़ी केंद्रों में “पोषण भी, पढ़ाई भी” गतिविधियाँ, पर्यावरण एवं जल संरक्षण पर जागरूकता, स्व-सहायता समूहों की बैठकें, खेलकूद, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य शिविर, गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, अन्नप्राशन एवं योग शिविर, स्थानीय मिलेट-आधारित परंपरागत खाद्य पदार्थों का प्रचार, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, डायरिया प्रबंधन एवं एनीमिया उन्मूलन जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, एनएसएस तथा सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इन्हें भी पढ़े