बाइकों की टक्कर, दो अलग-अलग मामले में दो मृत

महासमुंद। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क दुर्घटना के दो मामलों में दो लोगों की मौत हो गई। कोतवाली अंतर्गत घोड़ारी में बाइक की टक्कर से एक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि नदी चौक ग्राम घोड़ारी के पत्थर खदान में काम करने वाला लक्ष्मण खंडेलवाल 5 अप्रैल को मजदूरी लेने खदान गया था। मजदूरी लेकर शाम लगभग 6 बजे अपनी बाइक क्रमांक सीजी 06 सीजेड 8142 से वापस कांपा जा रहा था। नेशनल हाईवे 53 पर करनैल ढाबा ग्राम घोड़ारी के पास पहुंचने पर बरबसपुर की ओर से विपरीत दिशा से बाइक क्रमांक सीजी 06 जीजेड 3853 के चालक ने सामने से ठोकर मार दिया। जिससे लक्ष्मण खंडेलवाल के सिर, कंधे, कमर एवं बांया पैर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
दूसरे मामले में पटेवा थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे 53 पर एक बाइक चालक की दुर्घटना में मौत हो गई। पटेवा पुलिस ने बताया कि ग्राम चिरको थाना पटेवा निवासी नेमीचंद साहू (36) की मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शी गवाह रेखचंद साहू, जितेंद्र साहू ने पूछताछ में बताया कि 5 अप्रैल को रेखचंद साहू, जितेंद्र साहू बाइक से छछान माता मंदिर गए थे, बाद छछान माता चौक के पास खड़े थे, उसी समय गांव का नेमीचंद साहू अपनी बाइक क्रमांक सीजी 06 जीके 5266 में करणी कृपा पाॅवर प्लांट तुमगांव से काम कर वापस ग्राम चिरको जा रहा था, जिनसे मुलाकात होने पर तीनों अपनी-अपनी बाइक से ग्राम चिरको जा रहे थे। शाम करीब 6.45 बजे नवागांव के पास पीछे से आ रही बाइक क्रमांक सीजी 23 एन 4520 के चालक ने अपने वाहन को तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक चलाकर नेमीचंद की बाइक को पीछे से ठोकर मार दिया, दुर्घटना में नेमीचंद साहू के सिर एवं शरीर के अन्य जगहों में गंभीर चोटें आई। उन्हें ईलाज के लिए सीएचसी तुमगांव ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इन्हें भी पढ़े