बोर्ड परीक्षा देने वाले 58 विद्यार्थियों को मिलेंगे बोनस अंक
महासमुंद 28 मार्च 2025। इस वर्ष 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले के 58 छात्र- छात्राओं को बोनस अंक मिलेंगे। इनमें सबसे ज्यादा संख्या स्काउट गाइड और खिलाड़ियों की है, जिन्हें इसका फायदा मिलेगा। शिक्षा विभाग द्वारा इनकी सूची भेज दी गयी है। मालूम हो कि गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष विद्यार्थियों की संख्या कम है। पिछले वर्ष यह संख्या 75 थी। बता दें कि छत्तीसगढ़ की 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा में खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड समेत अन्य कैटेगरी में विद्यार्थियों को 10 से 20 तक बोनस अंक देने का नियम है। पहले बोनस नंबरों की वजह से कई छात्र टॉप-10 की मेरिट सूची तक पहुंच जा रहे थे। इसलिए दो साल पहले नियम में बदलाव किया गया, कि बोनस के नंबर मेरिट में नहीं जुड़ेंगे। जैसे, खेलकूद, एनसीसी, स्काउट गाइड या अन्य कैटेगरी के किसी विद्यार्थी को गणित, हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान समेत अन्य विषयों में अच्छे नंबर मिले हैं, लेकिन कुछ नंबर की वजह से वह मेरिट में जगह नहीं बना पा रहे तो वह बोनस अंक भी काम नहीं आएगा। लेकिन छात्र मेरिट लिस्ट में नहीं है तो उसके रिजल्ट में बोनस नंबर जुड़ जाएंगे। इससे रिजल्ट का प्रतिशत बढ़ जाएगा। खेल, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड या अन्य वर्ग के विद्यार्थी कुछ नंबरों से फेल हो रहे हैं तो बोनस अंक की मदद से वह पास हो सकेंगे। शिक्षा विभाग के अनुसार इस साल दसवीं के 29 और बारहवीं के 29 कुल 58 छात्रों को बोनस अंक दिया जाएगा। विद्यार्थियों को जो बोनस अंक मिल रहा है उनमें खेलकूद में 10 वीं के 14, जिसमें 8 विद्यार्थी और 6 छात्राएं शामिल हैं। इसी तरह 12 वीं के 19, जिनमें 11 छात्र और 8 छात्राएं कुल 33 हैं। स्काउट गाइड में 10 वीं के 15 जिनमें 6 छात्र और 9 छात्राएं शामिल है। इसी तरह 12 वीं में 4 विद्यार्थी व 6 छात्राएं शामिल हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल ने बताया कि खिलाड़ियों को सिर्फ बोनस अंक ही नहीं, उन्हें ट्रैक शूट, जूता, मोजा, टी-शर्ट, निकर नि:शुल्क प्रदान किया जाता है। इसके अलावा 25 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदान की जाती है।
