स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए नगर पालिका अध्यक्ष
विभिन्न खेल स्पर्धा के विजेता बच्चों को किया पुरस्कृत
महासमुंद। कॉलेज रोड स्थित किडजी प्री स्कूल के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। स्कूल प्रबंधन की ओर से श्री साहू का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि श्री साहू ने मां सरस्वती की पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पश्चात उन्होंने विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेता बच्चों को पुरस्कार वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि वार्षिक उत्सव के आयोजन का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ कला, संस्कृति से जोड़ना होता है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने में मददगार साबित होती है। ये नन्हे विद्यार्थी देश के भावी नागरिक हैं। विद्यार्थी भारत का भविष्य है। हम सभी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर योगदान देना चाहिए। क्योंकि बिना शिक्षा के बेहतर भविष्य की कामना करना असंभव है। उन्होंने शिक्षा के महत्व को बताते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षित होना बहुत जरुरी है। शिक्षा से व्यक्ति को मानसिक, व्यावहारिक एवं शारीरिक ज्ञान की प्राप्ति होती है। यदि हमारे पास ज्ञान ना हो तो हमारा जीवन सुख सुविधा और मान सम्मान से वंचित रह जाएगा, इसलिए हम सभी को मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक जोर देना होगा। इस अवसर पर स्कूल संचालकगण अमित चोपड़ा, विकास जैन, प्रियंका जैन, पायल चोपड़ा सहित शिक्षिका निधि श्रीवास्तव, दीपिका शर्मा, स्कूली बच्चे व पालक गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
