प्रखर देशभक्त व तेजस्वी समाजवादी विचारक थे डॉ. लोहिया : निखिलकांत

महासमुंद। स्थानीय लोहिया चौक में रविवार को प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया जयंती व शहीद दिवस के अवसर पर लोहिया विचार मंच के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए। नपाध्यक्ष ने स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु तथा डॉ राम मनोहर लोहिया को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर देश व समाज के लिए उनके कार्यों को याद किया।
श्री साहू ने डॉ लोहिया को प्रणाम कर कहा कि डॉ राममनोहर लोहिया ने अपनी प्रखर देशभक्ति और तेजस्वी समाजवादी विचारों के कारण अपने समर्थकों के साथ ही अपने विरोधियों के मध्य भी अपार सम्मान हासिल किया। डॉ. लोहिया मानव की स्थापना के पक्षधर समाजवादी थे। वह समाजवादी भी इस अर्थ में थे कि समाज ही उनका कार्यक्षेत्र थे। वह चाहते थे कि व्यक्ति-व्यक्ति के बीच कोई भेद, कोई दुराव और कोई दीवार न रहे। सब जन समान हों, सब जन का मंगल हो। सभा में प्रमुख रूप से दाऊलाल चंद्राकर, प्रमोद तिवारी, दिलीप कौशिक, डॉ. राजेश्वर खरे, रामगोपाल यादव, मानक रामदेव, शाहबाज राजवानी आदि उपस्थित थे।