निकाय और पंचायत चुनावों में सफलता भाजपा की सुशासन की जीत : भाजपा

महासमुंद। जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक हुई। जिला कार्यसमिति की बैठक के पूर्व संभाग और जिला संगठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रदेश प्रवक्ता डॉ विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन पटेल, उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, पूर्व विधायक प्रीतम दीवान सहित मंचस्थ पदाधिकारियों ने भारतमाता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण पूजा अर्चना कर जिला बैठक का विधिवत शुभारंभ किया।
जिला कार्यसमिति बैठक की प्रस्तावना रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि विगत दिनों सम्पन्न हुए नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतीराज के चुनावों में भाजपा को मिली सफलता भाजपा की सुशासन और केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों का परिणाम है। जिलाध्यक्ष ने भाजपा जिला महासमुंद में जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत में सर्वाधिक संख्या में भाजपा को मिली सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा कि जिले में सर्वाधिक संख्या में भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों का चुना जाना सभी की एकजुटता परिश्रम और कार्यकुशलता का परिचायक है।
मुख्य वक्ता संभाग एवं जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आगामी 30 मार्च को बिलासपुर के बिल्हा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की विस्तृत जानकारी दी। पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि गांव, गरीब, मजदूर, किसान, युवा महिला सहित सभी वर्गों की विकास की कल्पना को भाजपा की सरकार ने पूरा किया है। केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन की सरकार में अब स्थानीय निकायों और जिला जनपद चुनाव में भाजपा को मिला जनसमर्थन तीसरी इंजन का काम करेगी और प्रदेश के विकास को और अधिक गति मिलेगी। 23 मार्च को शहीद दिवस के अवसर पर हुई जिला बैठक में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले अमर वीर शहीद भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव जी को उपस्थितजनों ने भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित करते हुए वीरों की शहादत को नमन किया।
बैठक के दौरान मंचस्थ पदाधिकारियों ने जिला और जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का सम्मान किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर और आभार जिला कोषाध्यक्ष थानसिंग दीवान ने किया। इस अवसर पर चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ एनके अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, जितेंद्र त्रिपाठी, मोनिका साहू, माटी कला बोर्ड के पूर्व सदस्य चंद्रशेखर पांड़े सहित भाजपा जिला कार्यसमिति, भाजपा मंडलों के अध्यक्ष महामंत्री, मोर्चा प्रकोष्ठ के जिला पदाधिकारी, जिला, जनपद और नगर पालिका के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधिगण और अपेक्षित श्रेणी के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।