शराब बनाने व बिक्री बंद करने का निर्णय, बैठक में मारपीट

महासमुंद। बागबाहरा क्षेत्र के घासीनगर मोहबा में अवैध शराब बिक्री को बंद कराने को लेकर चल रही बैठक के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ मारपीट हो गई। पुलिस ने बताया कि 19 मार्च को गांव में अवैध शराब बिक्री बंद कराने सामुदायिक भवन में रात करीब 8 बजे बैठक हो रही थी। बैठक में गांव के प्रमुख लोगों व ग्रामवासियों ने गांव में अवैध शराब बनाने व बिक्री प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया, तभी गांव के दयाराम रात्रे, प्रेम रात्रे, गणेश रात्रे उक्त निर्णय का विरोध करते हुए विवाद करने लगे। जब प्रार्थी देवकुमार साहू ने समझाइश दी तो तीनों गाली गलौज कर धक्का मुक्की करने लगे, प्रार्थी का भाई लक्ष्मण साहू बीच बचाव करने आया तो तीनों ने उनके साथ मारपीट की। मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।