प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जिले में तेज़ी से हो रहा कार्य
लाभार्थियों के सर्वेक्षण की प्रक्रिया जारी
कोण्डागांव,19 मार्च 2025/ जिले के जरूरतमंद व्यक्तियों के पक्के आवास के सपने को साकार करने हेतु जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों में निरंतर प्रगति की जा रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई के निर्देशानुसार सभी ग्राम पंचायतों में मैदानी अमले सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जिले में कुल लक्ष्य 28936 प्राप्त है जिसमें से स्वीकृत 23168 का किश्त राशि भुगतान कर दिया गया है एवं शेष हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति लगातार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत् आवास प्लस सर्वे 2.0 ऐप्प के माध्यम से उन पात्र परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है जो वर्ष 2011 के सामाजिक, आर्थिक एवं जातिगत जनगणना की सर्वे सूची तथा आवास प्लस 2018 की सर्वे सूची में छूटे हुये थे। यह सर्वे 31 मार्च 2025 तक पूरा किया जाएगा।
इस कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास मित्र को समर्पित मानव संसाधन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे आवास प्लस सर्वे 2.0 एप्प के माध्यम से पात्र परिवारों का सर्वेक्षण कर रहे हैं जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार इस योजना से लाभ प्राप्त कर सकें।
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास निर्माण की गति बढ़ाने हेतु प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ देने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किये गये हैं। हितग्राहियों को निर्माण सामग्री उपलब्ध कराये जाने हेतु ग्राम पंचायत पदाधिकारियों द्वारा सहायता किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी ग्रामवासियों से अपील की गई है कि इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं एवं अपने नजदीकी ग्राम पंचायत कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।
