गलत बैंक खाता देने से नहीं मिली थी क्षतिपूर्ति राशि, कलेक्टर ने तुरंत कराया समाधान

कोरिया 11 मार्च 2025। जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे ग्राम अंगा के पांच फरियादियों को आखिरकार उनकी क्षतिपूर्ति राशि मिल गई। ये सभी प्राकृतिक आपदा के कारण अपने मकान के नुकसान की भरपाई की राशि न मिलने से परेशान थे, जबकि उसी गांव के अन्य लोगों को यह सहायता मिल चुकी थी। फरियादियों ने जब कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी को अपनी समस्या बताई, तो उन्होंने तत्काल बैकुंठपुर तहसीलदार डॉ. अमृता सिंह को जांच के निर्देश दिए। जांच में पाया गया कि आवेदकों द्वारा बैंक खाता संख्या गलत दर्ज कराने के कारण उनके खातों में राशि नहीं पहुंची थी, जबकि जनवरी 2025 में ही सहायता राशि स्वीकृत हो चुकी थी।
तहसीलदार ने तुरंत इस त्रुटि को ठीक कर आवेदकों को उनकी क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध करवाई। इस त्वरित समाधान से फरियादियों को राहत मिली और वे प्रशासन की इस संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त करते नजर आए।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि जनदर्शन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का तत्काल निराकरण करना है। प्रशासन की इस पहल से यह साबित हुआ कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचे, इसके लिए सतर्कता और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।