नगरीय निकायों के अध्यक्ष व पार्षद 7 को लेंगे शपथ
प्राधिकृत अधिकारी नियुक्ति, उपाध्यक्ष पद के लिए जद्दोजहद
महासमुंद। नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण की तारीख तय हो गई है। 7 मार्च को जिले के महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली नगर पालिका सहित तुमगांव, पिथौरा व बसना नगर पंचायत में निर्वाचित अध्यक्ष व पार्षद शपथ लेंगे। इसके लिए प्राधिकृत अधिकारियों की भी नियुक्ति हो चुकी है। बहरहाल, शपथ के बाद एक बार फिर नगरीय राजनीति में गर्माहट आएगी और सभी नगरीय निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए जद्दोजहद शुरू होगी।
बता दें कि बसना नगर पालिका अध्यक्ष पद एवं बसना के तीन पार्षद व सरायपाली के दो पार्षद पद के निर्विरोध चुने जाने के बाद जिले के महासमुंद, बागबाहरा व सरायपाली नगर पालिका सहित तुमगांव, पिथौरा नगर पंचायत के 5 अध्यक्ष पद और 100 पार्षद पद के लिए 11 फरवरी को मतदान हुआ। जिसमें कुल 71519 मतदाताओं ने मतदान किया जो कुल 70.48 प्रतिशत रहा। पुरूषों का मतदान प्रतिशत 71.44 व महिला मतदाताओं का प्रतिशत 69.62 रहा। जिले के 6 नगरीय निकाय में अध्यक्ष पद पर सरायपाली, पिथौरा व बसना में भाजपा, महासमुंद और बागबाहरा कांग्रेस व तुमगांव निर्दलीय विजयी रहा। इसी तरह पार्षद के लिए भाजपा से 57, कांग्रेस 29 और 19 निर्दलीय जीत कर आए।
