दसवीं बोर्ड, हिन्दी के पेपर में मोबाइल से फायदे-नुकसान पर निबंध

महासमुंद 3 मार्च 2025। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं बोर्ड का पहला पेपर हिन्दी विषय का था। परीक्षार्थियों के अनुसार प्रश्न पत्र काफी सरल था। प्री बोर्ड परीक्षा से काफी सहायता मिली, विद्यार्थियों ने हिन्दी में अच्छे अंक मिलने की उम्मीद भी जताई है। ज्ञात हो कि बोर्ड परीक्षा की शुरूआत एक मार्च से बारहवीं के हिन्दी पेपर से हुई।
बता दें कि इस साल कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 12 हजार 658 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार 10वीं की परीक्षा आज 3 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगी। जिले के 115 केंद्रों में परीक्षा संपन्न हो रही है। जिसमें 2 हाईस्कूल और 113 हायर सेकंडरी स्कूल के केन्द्र शामिल हैं। इस साल विकासखंड बागबाहरा में दो नया परीक्षा केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमकेनी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकमा को शामिल किया गया है। मालूम हो कि वर्तमान शिक्षा सत्र में कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए 12658 विद्यार्थियों ने आवेदन दिया है जबकि पिछले साल इनकी संख्या 14127 थी। यानि पिछले साल की तुलना में 1469 कम हैं। बोर्ड की परीक्षा में निगरानी के लिए जिला स्तर पर पांच उड़नदस्ता दल बनाया गया है । एक उड़नदस्ता दल में पांच कर्मचारी होंगे। इसी प्रकार तहसील स्तर पर भी पांच दल, प्रत्येक दल में तीन कर्मचारी होंगे जो परीक्षा के समय निगरानी करेंगे।
परीक्षा हाल से निकले छात्र आदिल खान, विवेक गोस्वामी, चंद्रकांत , राकेश सेन ने बताया कि पेपर काफी सरल था। निबंध में वर्तमान समस्या जैसे महगांई की समस्या, मोबाइल से लाभ-हानि, प्रदूषण के कारण और निदान आदि विषय पर लिखने के लिए आया था साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल से द्वितीय अंक सूची मंगाने व परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्र ( लाउडस्पीकर) को बंद कराने के लिए आवेदन पत्र लिखने के लिए आया था।