फाइलेरिया : सामूहिक दवा सेवन गतिविधि 27 से
बलौदाबाजार 25 फ़रवरी 2025/राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत फाइलेरिया उन्मूलन एवं कृमि मुक्ति हेतु जिले में 27 फरवरी को सामूहिक दवा सेवन गतिविधि आरंभ किया जाएगा। यह गतिविधि 27 फरवरी से लेकर 13 मार्च 2025 तक ज़ारी रहेगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए कलेक्टर दीपक सोनी ने शिक्षा, महिला बाल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि 15 दिवस की गतिविधि अंतर्गत 27 फरवरी से 02 मार्च तक आंगनबाड़ी स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। 03 से 10 मार्च तक समुदाय स्तर पर घर-घर भ्रमण करते हुए दवा सेवन कराया जाएगा। 11 से 13 मार्च के बीच माप अप राउंड होगा जिसमें छूटी हुई जनसंख्या को दवा सेवन कराया जाना है। इस बीच 27 फरवरी से 13 मार्च तक मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निजी अस्पतालों में ओपीडी के पास एम डी ए कॉर्नर बनाए जाएंगे। जहां सतत रूप से इस अवधि में लोगों को दवा सेवन कराया जाएगा। जिले में 2275 टीम में मितानिन मितानिन प्रशिक्षण एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दवा प्रशासक के रूप में कार्य करेंगे। ऐसे 4550 दवा प्रशासक बनाये गए हैं। इनके ऊपर 454 सुपरवाइजर हैं जो सामूहिक दवा सेवन गतिविधि की गुणवत्ता का निरीक्षण करेंगे। ईंट भट्ठे, निर्माण स्थल, पत्थर क्रशर, मलिन बस्ती, औद्योगिक श्रमिक कॉलोनी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बताया गया कि फाइलेरिया जिसे आम बोलचाल में हाथी पाँव भी कहते हैं का संक्रमण मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से तब होता है जब इसके माध्यम से इस रोग का परजीवी शरीर मे प्रवेश कर जाता है । एक बार फाइलेरिया हो जाने पर उसका उपचार नहीं हो पाता। अतः बचाव के लिए इस सामूहिक दवा सेवन गतिविधि का क्रियान्वयन जिले में किया जा रहा है क्योंकि मच्छर इस रोग के वाहक हैं अतः मच्छरों से बचाव हेतु आसपास साफ सफाई रखना, मच्छरदानी लगाकर सोने जैसी गतिविधियां करनी चाहिए जिससे बचाव हो सके।
