स्वच्छता दीदियों व सफाई मित्रों के लिए सरकार ने खोला राहत का पिटारा
महासमुंद। भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने नगर निगम, नगरपालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों व सफाई मित्रों के लिए राहत का पिटारा खोल दिया है। साथ ही कई सुविधाएं प्रदान की है। उन्होने कहा कि सफाई दीदियों व मित्रों की मांगें लंबे समय से चली आ रही थी जिसका कांग्रेस की सरकार ने अनदेखी की और भाजपा सरकार ने उनके पक्ष में बड़ा फैसला लिया है । हाल में सम्पन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव महासमुंद के घोषणा पत्र में स्वच्छता दीदियों को साप्ताहिक अवकाश देने का था । उक्त घोषणा सरकार ने तत्काल लागू की है। श्री साहू ने बताया कि अब नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को सप्ताह में एक दिन अवकाश दिया जाएगा। 8 घण्टे से अधिक काम नहीं करना है महीने में एक सीएल अवकाश भी प्राप्त होगा। श्रम विभाग के पोर्टल पर पंजीयन कराकर श्रम विभाग विभाग के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। जारी निर्देश में कहा गया है कि डोर -टू -डोर कचरा कलेक्शन के अलावा नाली सफाई सफाई मित्रों से ना कराई जाए । यदि कोई दूसरा कार्य कराया जाता है तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मणिकंचन केन्द्रों में काम करने वाले सफाई मित्रों को वर्दी, दस्तानें, मास्क, जूता व टोपी भी देने का फैसला भाजपा सरकार ने लिया है। मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत प्रतिमाह मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दिया जाना भी प्रस्तावित है।
