जनहित के लिए विजय जुलूस नहीं निकालेंगे नपाध्यक्ष
महासमुंद। नगर पालिका के नव निर्वाचित अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने जन सुविधाओं को देखते हुए विजय जुलूस नहीं निकालने का निर्णय लिया है। साहू ने समर्थकों, शुभचिंतकों व कार्यकर्ताओं का चुनाव में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा विजय जुलूस निकालने की बात कही जा रही हैं। लेकिन, इससे यातायात संबंधी समस्याएं आएगी जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि वे ऐसा कोई भी कार्य नहीं करेंगे, जिससे जनता को परेशानी हो। जनता ने जिस आशा और विश्वास के साथ उन्हें नपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरना उनका प्रमुख उद्देश्य है। आगामी समय में शपथ ग्रहण के बाद सीधे कार्यभार ग्रहण कर काम शुरू किया जाएगा। उनका लक्ष्य केवल नगर के विकास व जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विजय जुलूस निकालकर जनता को परेशानी में वे डालना नहीं चाहते। इसलिए उन्होंने कार्यकर्ताओं व समर्थकों तथा मार्गदर्शकों से कहा है कि वे उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं। लेकिन, जनहित उनकी पहली प्राथमिकता है।
