जपं फरसगांव व माकड़ी में 20 को मतदान, दल रवाना
कोण्डागांव, 19 फरवरी 2025। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन अंतर्गत द्वितीय चरण में जिले के जनपद पंचायत फरसगांव और माकड़ी में मतदान 20 को होगा। आज जनपद पंचायत मुख्यालयों में मतदान सामग्री का वितरण किया गया और मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चार्ली ठाकुर और एसडीएम अश्वन पुसाम ने फरसगांव में मतदान दलों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी प्रकार माकड़ी में एसडीएम अजय उरांव ने मतदान दलों के वाहनों को हरी झंडी दिखाई। उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत फरसगांव में 158 मतदान केंद्र हैं और मतदाता की संख्या 68287 है। 20 फरवरी को होने वाले मतदान में 68 सरपंच, 372 पंच, 20 जनपद सदस्य और 02 जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना हैं। फरसगांव के कुल 73 सरपंच में से 05 निर्विरोध और कुल 878 पंच में से 506 निर्विरोध चुने गए हैं। इसी प्रकार जनपद पंचायत माकड़ी में 154 मतदान केंद्र हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 76160 है। इस दौरान 67 सरपंच, 415 पंच, 18 जनपद सदस्य और 02 जिला पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना हैं। माकड़ी के कुल 889 पंच में से 474 पंच निर्विरोध चुने गए हैं।
