चुनावी शोरगुल थमा, अब डोर टू डोर दस्तक दे रहे प्रत्याशी

मतदाता आज करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
महासमुंद। जिले की तीन नगर पालिका, दो नगर पंचायत की शहरी सत्ता व वार्ड पार्षद की बागडोर किसके हाथ होगी, इसके लिए जिलेभर में शहर की 1 लाख 3 हजार 692 जनता 11 फरवरी मंगलवार को अपने मताधिकार को उपयोग करेगी। जिसके लिए आज सभी नगरीय क्षेत्रों से मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल सभी सामग्री लेकर रवाना हुए।
बता दें कि नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रविवार को चुनावी शोरगुल बंद हो गया आज चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं और अपने पक्ष में मतदान के लिए अपील कर रहे हैं। जिले की महासमुंद, बागबाहरा व सरायपाली नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशी व पिथौरा व तुमगांव नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके साथ 5 नगरीय निकाय के 100 पार्षद पद का चुनाव होना है। मालूम हो कि बसना नगर पंचायत में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद भाजपा की श्रीमती खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुनी जा चुकी हैं। इसी प्रकार बसना से तीन पार्षद व सरायपाली से दो पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। शहर में सत्ता किसकी होगी यह 15 फरवरी को मतगणना के बाद पता चलेगा पर सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
रोचक होगा महासमुंद का मुकाबला
महासमुंद नगर पालिका जिले के सभी नगरीय निकाय में सबसे रोचक होने वाला है। यहाँ से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से डॉ विमल चोपड़ा, कांग्रेस से निखिलकांत साहू, भाजपा से बागी प्रकाश चंद्राकर, कांग्रेस से बागी राशि महिलांग व आप के पंकज साहू आमने-सामने हैं। जिससे यहाँ पंचकोणीय मुकाबला होने वाला है।
बागियों ने राष्ट्रीय पार्टी के बिगाड़े समीकरण
सरायपाली नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए भी त्रिकोणीय मुकाबला दिखाई दे रहा है। यहां से लंबे समय से पार्टी टिकट की बाट जोह रहे हरदीप सिंह रैना ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर पार्टी प्रत्याशी के विरोध में अपनी पत्नी सुखविंदर कौर को निर्दलीय मैदान में उतारा है। भाजपा से श्रीमती सरस्वती चंद्रकुमार पटेल प्रत्याशी हैं। वहीं कांग्रेस ने विरोध के बाद भी वृंदा भोई को अपना प्रत्याशी बनाया है, जिससे अब यहां अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं। यहां से अध्यक्ष पद के अलावा दो पार्षद निर्विरोध चुने जाने के बाद भी अब 13 पार्षदों के लिए मतदान होना है।
पिथौरा में दो पूर्व अध्यक्ष आमने-सामने
पिथौरा नगर पंचायत में इस बार कांटे की टक्कर होने की संभावना है। यहां दोनों ही प्रमुख दल भाजपा-कांग्रेस ने पूर्व अध्यक्षों पर दांव खेला है। कांग्रेस की ओर से निवर्तमान अध्यक्ष आत्माराम यादव को पुन: प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि, भाजपा ने देवसिंह निषाद को मैदान में उतारकर चुनाव को दिलचस्प बना दिया है।
बागबाहरा में भाजपा-कांग्रेस का सीधा मुकाबला
बागबाहरा नगर पालिका चुनाव में भी भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला होगा। अजा (मुक्त) इस सीट पर भाजपा ने दो बाद अध्यक्ष रह चुके शंकर तांडी को टिकिट दी है। जबकि, कांग्रेस से खिलेश्वरी बघेल को प्रत्याशी बनाया गया है। चूंकि यहां विधायक भी कांग्रेस के हैं, लिहाजा यहां भी कड़ी टक्कर के आसार बन गए हैं।
बसना में निर्विरोध अध्यक्ष, पार्षदों के लिए होगा मतदान
बसना नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से डॉ खुशबू अग्रवाल, कांग्रेस ने श्रीमती तुलसी गौतम बंजारा व आम आदमी पार्टी ने आमरीन को अपना प्रत्याशी बनाया था लेकिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों द्वारा नामवापसी के बाद यहां से भाजपा की डॉ खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुनीं गई हैं। इसके साथ ही तीन पार्षद भी निर्विरोध चुने गए। अब यहां 12 पार्षदों के लिए ही चुनाव होना है।