खेती-किसानी के कार्य का अवलोकन करने किसानों के खेतों में पैदल पहुँचे कलेक्टर
बालोद, 06 फरवरी 2025। कलेक्टर जिले के किसानों से उनके घरों एवं खेत खलिहानों में मुलाकात कर जिले में खेती-किसानी की वास्तविक हालात के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। जिससे कि वे जिले में खेती-किसानी की जमीनी हकीकत से रूबरू हो सके। इसके अंतर्गत कलेक्टर श्री चन्द्रवाल आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम बुंदेली एवं सुरसुली में पगडंडी मार्ग से होते हुए किसानों के खेतों में पैदल पहुँचकर खेती-किसानी के कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बंुंदेली में किसान श्री भोग सिंह साहू के घर में एवं ग्राम सुरसुली में किसान केशव साहू के खेत में पहुँचकर खेती-किसानी के कार्य के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने किसानों एवं ग्रामीणों से मौजूदा रबी सीजन में उनके खेतों में लगाए जाने वाले फसलों तथा उनके पैदावार के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने किसानों को समझाईश देते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन धान के फसल हेतु अत्यधिक मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। इसके अलावा भूजल स्तर में भी लगातार गिरावट आ रही है। उसे ध्यान में रखते हुए किसानों को ग्रीष्मकालीन धान के बदले मक्का, चना, सरसों आदि फसलों के अलावा अन्य दलहन एवं तिलहन फसल लगाना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि इन फसलों में पानी की खपत बहुत ही कम होने के अलावा कम लागत में अच्छी आमदनी भी हो जाती है। श्री चन्द्रवाल ने ग्राम सुरसुली के किसान श्री केशव राम को कहा कि उनके खेतों में पानी की समुचित प्रबंध हो गया है। इस कारण उन्हें इसका सदुपयोग करते हुए रबी सीजन में भी शाक-सब्जी के अलावा दलहन एवं तिलहन फसल लगाना चाहिए। इस दौरान एसडीएम शिवनाथ बघेल एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
