ईवीएम प्रदर्शन के माध्यम से मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक

बलरामपुर 05 फरवरी 2025। नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत जिले में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की प्रक्रिया से अवगत कराने हेतु वार्डों में ईवीएम का प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा ईवीएम के सही उपयोग की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शिता के साथ समझने का अवसर मिल रहा है। ईवीएम का प्रदर्शन 07 फरवरी तक वार्डों में आयोजित की जा रही है, जिससे कि अधिक से अधिक मतदाता इसका लाभ उठा सकें और मतदाता ईवीएम की प्रक्रिया को बेहतर समझ मतदान में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार नगरीय निकायों में 11 को मतदान होना है। जिसके लिए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में वार्डों में ईवीएम के प्रति मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। जिससे मतदाता आगामी निर्वाचन में निडर एवं भय मुक्त होकर स्थानीय निर्वाचन में अपना योगदान देंगे।