राष्ट्रीय शतरंज स्पर्धा के लिए लक्ष्मी शर्मा व राजेश्वरी ध्रुवंशी का चयन
महासमुंद। खेल युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रायपुर में छत्तीसगढ़ सिविल सर्विसेज खेल के तहत राज्य शतरंज चैंपियनशिप का ट्रायल कराया गया। जिसमें विभिन्न जिलों से महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
चयन स्पर्धा के तहत महिला व पुरुष समूहों की अलग-अलग स्पर्धा कराई गई थी। इस स्पर्धा के आधार पर राज्य से 6 खिलाड़ियों का चयन कर प्रदेश की टीम गठित की गई। जिसमें महासमुंद जिले से दो महिला शतरंज खिलाड़ियों का चयन प्रदेश टीम के लिए हुआ है। सोनासिल्ली की लक्ष्मी शर्मा व झलप की राजेश्वरी ध्रुवंशी ने पांच चक्रों में साढ़े 3 अंक अर्जित कर यह उपलब्धि हासिल की हैं। छत्तीसगढ़ सिविल सर्विसेज के सभी चयनित खिलाड़ी मार्च महीने में गोवा में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज स्पर्धा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उल्लेखनीय है कि राजेश्वरी ध्रुवंशी इससे पहले लगातार 3 बार राष्ट्रीय स्पर्धा में प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। वहीं लक्ष्मी शर्मा भी अपने स्कूल लाइफ में एसजीएफआई के अंतर्गत होने वाले स्कूल गेम्स में लगातार तीन बार स्कूल नेशनल खेल चुकी है। लक्ष्मी शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय कोच हेमंत खुटे को दी है। हेमंत खुटे के मार्गदर्शन में लक्ष्मी शर्मा वर्ष 2007 से 2009 तक लगातार प्रदेश की टीम में जगह बनाने में सफल रही।
ज्ञात हो कि सिविल सर्विसेज में जिला से सर्वाधिक 15 खिलाड़ियों ने सहभागिता की थी। प्रतियोगिता खेल अधिकारी शिवराज साहू व वरिष्ठ प्रशिक्षक टीएन रेड्डी के निर्देशन में हुआ। उक्त प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक इंटरनेशनल आर्बिटर अनीश अंसारी थे।