महासमुंद में बागियों से बिगड़ सकते हैं कांग्रेस-भाजपा की चुनावी रणनीति

पूर्व नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन ने भरा नामांकन
महासमुंद। नगर पालिका चुनाव में भाजपा और कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर पहले बगावत पर उतरे प्रकाश चंद्राकर निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं, और अब कांग्रेस से टिकट के प्रबल दावेदार रही पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग व उनके पति त्रिभुवन महिलांग ने भी मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल किया है। इससे दोनों ही राजनीतिक पार्टियों का चुनावी समीकरण बिगड़ सकता है।
जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा बढ़ने लगा है। खासकर जिला मुख्यालय महासमुंद नगर पालिका में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव इस बार भी कड़े मुकाबले का होगा। भाजपा ने इस बार नपाध्यक्ष टिकट के प्रमुख दावेदारों को नकारते हुए निर्दलीय विधायक रहे डॉ विमल चोपड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने युकां प्रदेश महासचिव निखिलकांत साहू को मैदान में उतारा है।
भाजपा से टिकट के दावेदार रहे प्रकाश चंद्राकर ने चुनाव लड़ने का ऐलान पहले ही कर चुके थे लेकिन अब कांग्रेस से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग और उनके पति त्रिभुवन महिलांग ने भी नामांकन पत्र दाखिल कर के कांग्रेस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है।
इसके पहले आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पंकज साहू ने अपने पार्षद पद के उम्मीदवारों के साथ अपना नामनिर्देशन पत्र जमा किया। बाद भाजपा से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार डॉ. विमल चोपड़ा 30 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों समेत कलेक्टोरेट पहुंचे। वहां उन्होंने अपना नामनिर्देशन पत्र जमा किया। उसके बाद कांग्रेस से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी निखिलकांत साहू पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया। बाहर निकलकर सभी ने जीत का दावा करते हुए दिखाई दिए। रैली के साथ नामांकन दाखिल करने आज भाजपा, कांग्रेस प्रत्याशी सहित राशि, त्रिभुवन महिलांग ने रैली के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया। रिक्शे में सवार महिलांग दंपत्ति ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
नामांकन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी निखिलकांत साहू ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जिस प्रकार युवा पर विश्वास कर मु­झे टिकट दिया है इसी प्रकार नगर की जनता का विश्वास जीतकर मैं उनके फैसले को सही ठहराऊंगा। भाजपा के पास कार्यकर्ता और अध्यक्ष पद के दावेदारों का अभाव नजर आया। तभी तो बड़ी संख्या में अध्यक्ष पद के लिए लोगों ने दावेदारी की पर सभी लोगों का दरकिनार कर 20 साल पुराने चेहरे पर दाव लगाया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं में निराशा है मैं शहर को नया महासमुंद बनाने के विजन लेकर आगे बढूंगा। इस नए महासमुंद में जनता की मूलभूत सुविधा के साथ ही विकास और जनता की आवश्यकता की पूर्ति ही हमारा ध्येय होगा।
पूर्व नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने कहा कि मैं महासमुंद की बेटी हूं, बहू हूं और शहर की जनता से रिश्तों की डोर से बंधी हूं। शहर की जनता के विकास, उनकी देखभाल के लिए चुनाव मैदान में उतर रही हूं। अब जनता को तय करना है कि महासमुंद शहर को कौन संभाल सकता है। मैं शहर को अपना घर-परिवार मानती हूं और परिवार को एक बेटी, एक बहू ही संभाल सकती है। चुनाव मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों से मेरा पारिवारिक रिश्ता है लेकिन जनता के दबाव में आज मैं चुनाव मैदान में हूं। शहर रूपी इस घर के सभी लोगों की समस्याएं सुल­झाकर शहर का विकास करूंगी।
भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने कहा कि पिछले पांच सालों में शहर की जनता त्रस्त रही। उन्हें न तो सामाजिक न्याय मिला और न ही शहर का विकास हुआ। जनता को सामाजिक न्याय दिलाने और शहर विकास के लिए चुनाव मैदान में हूं। हम अध्यक्ष सहित सभी 30 वार्डों के भाजपा प्रत्याशी जीत कर एक इतिहास बनाने जा रहे हैं और विपक्ष का सफाया होने जा रहा है। मैं किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेता अपनी लकीर बड़ी करने में विश्वास रखता हूं। पार्टी ने जो आदेश दिया उसे मानने मजबूर हूं। जनता की सेवा के लिए जो भी आदेश पार्टी से मिलेगा चाहे वो कार्यकर्ताओं के रूप में हो, चाहे पदाधिकारी या जन प्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर हूं।