पालिका भ्रष्टाचार में शामिल मुख्य आरोपी की हो शीघ्र गिरफ्तारी : पंकज

महासमुंद। वर्ष 2011 में 5 पानी टैंकरों के लिए निविदा मंगाकर 11 टैंकरों के लिए फर्जी तरीके से भुगतान मामले में पुलिस द्वारा प्रभारी की गिरफ्तारी को लेकर समाज सेवी व पूर्व पार्षद पंकज साहू ने कहा कि मामले के मुख्य आरोपी राशि त्रिभुवन महिलांग को शीघ्र गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस मामले में 12 साल पहले वर्ष 2013 में सिटी कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुआ था। राजनीतिक रसूख के चलते मामले को दबाने का प्रयास किया गया। नपाध्यक्ष राशि महिलांग सहित 6 लोग दोषी पाए गए थे। उस समय भाजपा सरकार था, तथा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सीएम थे। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सत्ता दल के भाजपाई पार्षद तथा अनेक निर्दलीय व कांग्रेस पार्षदों ने धरना आंदोलन किया था। मामला कोर्ट में लंबित था। लगातार कोर्ट के संज्ञान में मामले को लाया गया। तब जाकर पुनः इस मामले की जांच शुरू हुई तथा दोषियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
श्री साहू ने कहा कि जब जब राशि त्रिभुवन महिलांग नगर पालिका महासमुंद का अध्यक्ष बनी तब तब पालिका को पूरी तरह से खोखला कर दिया गया। जल आवर्धन योजना में करोड़ों के सामनों की हेराफेरी भी राशि महिलांग के कार्यकाल में हुई है। इस मामले में जांच कार्रवाई को प्रभावित करने वाले 5 पुलिस कर्मियों के विरुद्ध भी विभागीय जांच चल रही है।
श्री साहू ने कहा कि नगर वासियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न कर राशि महिलांग ने करोड़ों रुपए की हेराफेरी की। इस कार्य में उनके साथ कुछ और लोग भी शामिल थे। उन सभी की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए। जनता के हक व अधिकारों तथा नगर विकास के लिए जो करोड़ों रुपए पालिका को आबंटित हुए, उन पैसों को राशि महिलांग ने अपने अधीनस्थों के साथ मिलीभगत कर भारी भ्रष्टाचार किया। ऐसे भ्रष्टाचारियों की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए। अन्यथा नगर वासियों के साथ मिलकर आगामी समय में राशि महिलांग व भ्रष्टाचार में शामिल समस्त दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना आंदोलन किया जाएगा।