ट्रक के पीछे टकरा जाने से पीछे चल रहे ट्रक ड्राइवर-कंडक्टर की मौत
महासमुंद। ट्रक को अचानक रोके जाने से पीछे से आ रहे ट्रक में सवार ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई। घटना पटेवा थाने की है। दरअसल सामने चल रहे ट्रक में अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रहा ट्रक टकरा गया, जिससे ड्राइवर व कंडक्टर की मौत हो गई। प्रार्थी ग्राम महिंदा थाना अंभोरा जिला बीड़ (महाराष्ट्र) निवासी रोहिदास ने पुलिस को बताया कि अहमदनगर महाराष्ट्र से उसके ट्रक क्रमांक एमएच 23 डब्लू 1961 व ट्रक क्रमांक एमएच 14 जेएल 1999 में उसके साथी गणेश दहीफले, कंडक्टर नितिन चौहान प्याज लोड कर ओडिशा जा रहे थे। 20 जनवरी की रात करीब 3 बजे नेशनल हाईवे 53 पर इंडियन आयल पेट्रोल पंप के करीब जोगीडीपा के पास गणेश दहिफले के ट्रक क्रमांक एमएच 14 जेएल 1999 के सामने जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमए 1472 के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे ट्रक क्रमांक एमएच 14 जेएल 1999 उक्त ट्रक के पीछे के हिस्से में टकरा गया, जिससे चालक गणेश दहीफले एवं कंडक्टर सीट में बैठे नितिन चौहान को गंभीर चोटें आई। उन्हें एम्बुलेंस से इलाज के लिए शासकीय अस्पताल तुमगांव ले जाया गया जहां डॉक्टर ने गणेश दहीफले एवं नितिन चौहान को मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
