कुएं में गंदा पानी का रिसाव, डायरिया, चर्म रोग फैलने की आशंका

पूर्व संसदीय सचिव ने नाली निर्माण पर रोक लगाने कलेक्टर को लिखा पत्र
महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कलेक्टर महासमुंद विनय कुमार लंगेह को पत्र लिखकर वार्ड 3 अयोध्या नगर में नपा द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
श्री चंद्राकर ने पत्र के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराया है कि वार्ड 3 अयोध्या नगर महासमुंद के रहवासियों द्वारा संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन उन्हें (चंद्राकर को) देकर नाली निर्माण रूकवाने की मांग की है। वार्डवासियों ने बताया है कि उक्त निर्माणाधीन नाली की चौड़ाई 5 फिट एवं गहराई 7 फीट के लगभग है, जो अत्यंत ही गहरी एवं चौड़ी है। उक्त नाली के चलते मुख्य सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। चार पहिया वाहन उक्त सड़क पर नहीं चल पाएगा। इसी तरह नाली निर्माण पश्चात नाली का गंदा पानी कुओं में रिस रहा है। परिणामस्वरूप कुओं का पानी दूषित हो गया है। कुओं का पानी का उपयोग करने से डायरिया एवं चर्म रोग की संभावना बनी हुई है। श्री चंद्राकर ने वार्डवासियों द्वारा दिए आवेदन की प्रतिलिपि कलेक्टर को प्रेषित करते हुए बताया कि तत्कालीन कलेक्टर को पूर्व में इस संबंध में अवगत कराया गया था। जिस पर कलेक्टर ने निरीक्षण पश्चात कार्य में रोक लगा दी गई थी। अब पुन: कार्य प्रारंभ किया गया है। जिससे वार्डवासी परेशान हैं, एवं निर्माण कार्य न रोकने की स्थिति में आंदोलन किये जाने बाध्य होंगे। चंद्राकर ने कलेक्टर से निवेदन करते हुए जनहित में उक्त निर्माण कार्य पर रोक लगाए जाने की मांग की है।
मुख्य मार्ग की नालियों का भी बुरा हाल
शहर के मुख्य मार्ग में बनी नालियों का भी बुरा हाल है। राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर बनी नालियां जर्जर हो चुकी हैं। नेहरू चौक से स्वामी चौक तक की नालियों में होटलों का कचरा डाले जाने और खोखली हो चुकी नालियों से गंदा पानी रिस के इस क्षेत्र के रहवासियों के कुंए को भी खराब कर चुका है। लगातार ध्यानाकर्षण कराए जाने के बाद भी नालियों की मरम्मत और नवनिर्माण के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े