जागरूकता से सड़क हादसे में आई कमी, दुर्घटना में 13.72 व मौतों में 27.94 प्रतिशत की कमी

महासमुंद 9 जनवरी 2025। जिले में सड़क दुर्घटना और उससे होने वाली मौत के मामले गत दो वर्षों की अपेक्षा 2024 में कम हुए हैं। यातायात विभाग बीते वर्ष सड़क दुर्घटना में कमी लाने के यातायात जागरूकता कार्यक्रम के अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जमकर कार्रवाई की। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में सड़क दुर्घटना में 13.72 प्रतिशत और उससे होने वाली मौतों की संख्या में 27.94 प्रतिशत की कमी आयी है।
बता दें कि वर्तमान में देशभर में सड़क दुर्घटना और उससे होने वाली मौत चिंता का विषय बनती जा रही है। वाहनों की संख्या के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यातायात नियमों के पालन के प्रति लापरवाही भी दुर्घटना का कारण बन रहा है। सड़क दुर्घटनाओं के पिछले तीन साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में कुल 458 दुर्घटनाओं में 274 की मौत और 359 घायल हुए। 2023 में यह आंकड़ा बढ़कर 489 सड़क दुर्घटना में 316 की मौत और 396 घायल हुए हैं। लेकिन बीते साल इसमें कमी आई। 2024 में 430 सड़क दुर्घटना में 247 की मौत और 298 घायल हुए। इस तरह वर्ष 2023 की तुलना में 2024 में सड़क दुर्घटना में 13.72 प्रतिशत की कमी और मृतकों की संख्या में 28.94 प्रतिशत व घायलों में 32.89 प्रतिशत की कमी आई है।
जानकारी के अनुसार बीते वर्ष सड़क दुर्घटना के कुल 247 लोगों की मौत हुई जिसमें से 164 लोग ऐसे थे जिनके सिर पर चोट लगने (बिना हेलमेट) से मौत हुई। इसके अलावा जिले के ब्लैक स्पॉट और अंधे मोड़ पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं हुई है और लोगों की जान भी गई। जिले में चार ब्लैक स्पॉट चिन्हित है। जिसमें बसना ब्लॉक का बिटांगीपाली पट्रोल पंप, न्यू गिल ढाबा, खल्लारी में पचेड़ा और बागबाहरा में डामर प्लांट फुलवारी शामिल है । यहाँ बीते वर्ष 22 सड़क दुर्घटनाओं में कुल 23 लोगों की मौत हुई ।
यातायात डीएसपी घृनेन्द्र ध्रुव ने कहा कि
जिले में सड़क दुर्घटना पर लगाम लगाना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए गत वर्ष लगातार जागरूकता अभियान, रैली व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई। सड़क दुर्घटना रोकने सतत प्रयास जारी है। मेरी जनता से खासकर युवाओं से अपील है कि वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें । शराब पीकर वाहन न चलाएं, वाहन की गति पर नियंत्रण रखें। ‘खुद भी सुरक्षित रहें, दूसरे को सुरक्षित रखें।