सेजेस पटेवा में पालक-शिक्षक बैठक
महासमुंद। सेजेस पटेवा में 4 जनवरी को पालक-शिक्षक बैठक आयोजित किया गया। जिसमें कक्षा 1 से 12वीं के विद्यार्थियों के पालक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। प्रथम चरण में पालकों ने अपने-अपने बच्चों के कक्षाओं में जाकर कक्षाओं की व्यवस्था का अवलोकन किया तथा प्रत्येक कक्षा में उपस्थित विषय शिक्षकों से विभिन्न परीक्षाओं में अपने बच्चे की तुलनात्मक जानकारी ली तथा शिक्षकों के साथ कम अंक अर्जित किए गए विषयों के कारणों पर चर्चा भी की। विषय शिक्षकों ने मजबूत पक्ष और कमजोर पक्ष से पालकों को अवगत कराया। प्राचार्य समीर चन्द्र प्रधान ने भी विभिन्न कक्षाओं का मुआयना कराया। पालक विद्यालय का भ्रमण के दौरान संतुष्ट दिखे। द्वितीय चरण में विद्यालय के बैठक हाल में प्राचार्य के साथ चर्चा में प्राचार्य ने विस्तार से विद्यालयीन गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी तथा पालकों को विद्यालय परिवार का अभिन्न अंग बताते हुए अपने सुझाव रखने के लिए आमंत्रित किया। कुछ पालकों ने छोटी कक्षाओं के लिए होम वर्क में कुछ कमी करने का सुझाव दिया। जिसे प्राचार्य ने शिक्षकों के साथ बैठ कर समीक्षा करने का आश्वासन दिया। प्राचार्य समीर चन्द्र प्रधान ने बच्चों को घर में समय सारिणी बना कर अध्ययन करने, खेलने, मनोरंजन करने, सामाजिक गतिविधियों में शामिल होने प्रेरित करने आग्रह किया। बैठक में बच्चों की माताएं बड़ी संख्या में उपस्थित हुई तथा शिक्षकों, शिक्षिकाओं से अपने बच्चों की प्रगति के बारे में गंभीरता से पूछताछ की। बैठक में पालक समिति के अध्यक्ष शिव कुमार साहू, सचिव घनश्याम साहू, वरिष्ठ सदस्य धन्नजय चंद्राकर आदि अनेक सदस्य उपस्थित थे। प्राचार्य ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
