रायपुर साल्वेक्स की जाँच में अनियमिताएं, नोटिस
जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने की जाँच
महासमुंद। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में स्थित वृहद उद्योगों, खतरनाक उद्योग, निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में व माइन्स खनिजों में नियमों का पालन एवं निगरानी संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। इसी क्रम में जिला स्तरीय संयुक्त टीम द्वारा रायपुर साल्वेक्स बागबाहरा रोड में जांच की गयी।
इस दाैरान टीम के साथ सभी सदस्यों द्वारा आज अपने-अपने विभागों के अंतर्गत अधिनियम अनुसार जांच की। निरीक्षण के दाैरान यहां उद्योग का संचालन किया जाना नहीं पाया गया। जल एवं वायु प्रदूषण की स्थिति अवलोकित नहीं की गयी। संस्थान में उपयोग किये जा रहे धर्मकांटे के सत्यापन संबंधित दस्तावेज माैके पर प्रस्तुत नहीं किये गये। इस पर संस्थान को विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा नोटिस जारी किया जा रहा है। श्रम विभाग की ओर से कारखाने में विभिन्न श्रम अधिनियमों के तहत निरीक्षण किया गया। ठेकेदार के माध्यम से श्रमिक नियोजित करना नहीं पाया गया। निरीक्षण में पाई गई त्रुटियों की पूर्ति हेतु प्रबंधन को सात दिवस का समय दिया गया। इस दाैरान कार्रवाई में श्रम पदाधिकारी डीएन पात्र, पर्यावरण विभाग से जितेंद्र सिंह एवं नाप ताैल विभाग से सिद्धार्थ दुबे शामिल थे।
