राष्ट्रीय राजमार्ग के तत्वाधान में नेत्र परीक्षण सप्ताह 28 तक
दंतेवाड़ा, 24 दिसंबर 2024। राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत नेत्र परीक्षण सप्ताह का आयोजन 23 से 28 तारीख तक गीदम जांच वन उपज नाका के पास शिविर में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और वाहन चालकों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ वाहन चालकों की दृष्टि क्षमता की जांच। नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान और समाधान कर सड़क पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। नेत्र परीक्षण सप्ताह के दौरान निशुल्क नेत्र परीक्षण, गंभीर दृष्टिदोष वाले मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने के साथ ही नेत्र देखभाल से संबंधित परामर्श दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नेत्र स्वास्थ्य की कमी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। इस प्रकार यह सप्ताह वाहन चालकों को समय पर नेत्र देखभाल सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान करता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी। इस क्रम में आज शिविर में 70 वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। नेत्र परीक्षण सप्ताह के विषय में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. अजय रामटेके ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की कि वे इस नेत्र परीक्षण सप्ताह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने नेत्र स्वास्थ्य की जांच कराएं और सड़क सुरक्षा में अपना योगदान देवें।
