गीदम के गांव हितामेटा-सालनार में जल जीवन मिशन का सफल क्रियान्वयन, ग्रामवासियों ने जल उत्सव मनाकर किया खुशियों का इजहार

 

दंतेवाड़ा, 24 दिसंबर 2024। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन हेतु विभाग द्वारा ’’मिषन मोड’’ पर कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में योजना अंतर्गत जिले के विकासखंड गीदम के दो गांव हितामेटा और सालनार ग्राम पंचायतो को सभी घरों के नलों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति एवं उत्कृष्ट कार्य हेतु ’’जल जीवन मिशन हर घर जल’’ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। ज्ञात हो कि हर घर जल प्रमाण पत्र उन ग्रामों को दिया जाता है। जहां जल जीवन मिशन योजना के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन से गांव के हर घर के नल से शुद्ध पेयजल मिल रहा है। इस तारतम्य उपरोक्त दोनों ही गांव में जल उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उप अभियंता कौशल कुमार नेताम ने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जल जीवन मिशन योजना के तहत जिले के सभी गांव के प्रत्येक घर में पेयजल आपूर्ति हेतु लगातार प्रयासरत हैं। आज मनाए जा रहे जल उत्सव उन सभी प्रयासों का फल है जो यहां के स्थानीय अधिकारियों और जन समुदायों ने मिलकर हर घर में शुद्ध पेयजल की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार हेतु कार्य किया है। जल जीवन मिशन योजना से आज जिले के कुल 22311 घरों में जल आपूर्ति हो रही है।
इस अवसर पर ग्राम के सरपंच ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना प्रधानमंत्री मोदी की योजना है। जिसे मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्रामीणों के द्वारा सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया है। जिससे गांव की महिलाओं और बच्चों को दूर से पानी लाने के अथक मेहनत से मुक्ति मिली है। साथ ही समय की बचत से आर्थिक जीवन सुधारने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान जल उत्सव में ग्राम प्रतिनिधि, ग्राम जल स्वच्छता समिति सदस्य, पानी समिति सदस्य, जिला समन्वयक शिल्पी शुक्ला उपस्थित रहे।