नए जिला व सत्र न्यायालय भवन भूमिपूजन, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे मौजूद

बालोद, 23 दिसम्बर 2024। ग्राम सिवनी में सोमवार को नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन निर्माण स्थल का भूमिपूजन एवं शिलालेख अनावरण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा और कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवशी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। समारोह में मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने बटन दबाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले वासियों को नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन की सौगात मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस नवीन भवन के निर्माण के लिए निर्धारित समयावधि 18 माह में इस भवन के निर्माण कार्य को अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्माण कार्य में शतप्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बालोद जिले में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का निर्माण होना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्याम लाल नवरत्न ने मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के विशेष प्रयासों से जिले में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने पर उन्हांेने जस्टिस श्री सिन्हा को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि नवीन न्यायालय भवन के निर्माण कार्य पूरा हो जाने से हमारे कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ताओं एवं यहाँ आने वाले आम नागरिकों में उत्साह का संचार होगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि इस नवीन भवन के निर्माण हेतु वर्षों प्रक्रिया चलने के उपरांत हम सभी का बहुप्रतीक्षित सपना आज मूर्त रूप ले रहा है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री नवरत्न ने इस नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण हेतु कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल, सहित जिला प्रशासन, गणमान्यजनों एवं जिले वासियों से मिले सहयोग की सराहना करते हुए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्याम लाल नवरत्न ने सपत्नीक विधि-विधान के साथ इस नवीन भवन के भूमिपूजन के कार्य को संपन्न कराया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजय कुमार सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन निर्माण वास्तव में न्यायिक उपलब्धि की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय के नवीन भवन के सौगात मिलने पर जिले वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि भवन निर्माण के निर्धारित समयावधि 18 महीने में जिले वासियों के लिए एक बेहतर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन उपलब्ध हो जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन, जिला एवं तहसील अधिवक्ता संघ, गणमान्यजनों एवं आम नागरिकों से मिले सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।