प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा कर रही है कृषक उन्नति योजना, किसान विश्वनाथ ने खरीदा ट्रैक्टर

बलरामपुर 21 दिसम्बर 2024। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के द्वारा राज्य के किसानों से 3100 रुपए क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है। मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए राज्य शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत् किसानों को आदान सहायता राशि का अंतरण उनके बैंक खातों किया जाता है। किसान हितैषी मुख्यमंत्री श्री साय की सरकार द्वारा राज्य में किसानों से अपने वायदे के मुताबिक प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी करने के साथ ही दो साल के धान का बकाया बोनस की राशि का भुगतान भी किया गया है। श्री साय की सरकार, खेती-किसानी और किसानों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। योजनांतर्गत मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में किसान अपने सपनों को पूरा कर रहे हैं।
ग्राम सागरपुर के किसान विश्वनाथ दास बताते हैं कि उनके पास 5.25 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें से वे 4 एकड़ भूमि में धान उत्पादन करते हैं। पंजीयन के पश्चात् किसान विश्वनाथ द्वारा इस खरीफ विपणन वर्ष में सहकारी समिति में 82 क्विंटल धान विक्रय किया गया। विश्वनाथ ने बताया कि गत खरीफ विपणन वर्ष में उन्होंने परिवार के संयुक्त खाता में 129 क्विंटल धान बेचा था तथा कृषक उन्नति योजना के तहत उन्हें 01 लाख 18 हजार 200 रुपये प्राप्त हुए थे। इस वर्ष खाता विभाजन पश्चात् उन्होंने 82 क्विंटल धान विक्रय किया है। जिसका समर्थन मूल्य पर प्रथम किस्त के रूप में 01 लाख 88 हजार 600 रुपये उनके बैंक खाते में जमा हो गये एवं कुछ दिन बाद अंतर की राशि कृषक उन्नति योजना के तहत् प्राप्त होगी। किसान विश्वनाथ आगे बताते हैं कि कृषक उन्नति योजना के प्रारंभ पश्चात मिली राशि से उन्होंने ट्रैक्टर भी खरीदा है। ट्रैक्टर खरीदने से उन्हें खेती करने में आसानी हो रही है साथ ही वे गांव में अन्य लोगों के खेती का कार्य भी करते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को किसानों के हित में निर्णय के लिए धन्यवाद दिया है। राज्य शासन का किसानों के लिए किया गया यह प्रयास साबित करता है कि किसान उन्नति और समृद्धि की ओर अग्रसर हो रहे हैं।