मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, 220 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

दंतेवाड़ा, 19 दिसंबर 2024। मेंढका-डोबरा मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिले भर के 220 वर वधु परिणय सूत्र में बंध गए। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव दंपतियों को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने शुभकामना संबोधन में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर निर्धन परिवारों को विकास की ओर अग्रसर होने का अवसर मिल रहा है। दंतेवाड़ा जिले के दूरस्थ क्षेत्र में यह सामूहिक कन्या विवाह में आज 220 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधकर गृहस्थ जीवन में कदम रख रहे हैं। यह सब राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से फलीभूत हुआ है, जो सरकार की गरीब परिवारों की सेवा करने की कटिबद्धता को दर्शाता है। इसके अलावा महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कर्मचारी भी बधाई के पात्र है जिन्होंने विभिन्न ग्रामों पारा, टोले, मोहल्लों से विवाह योग्य युवक युवतियों का पंजीयन कर सामूहिक विवाह से लाभान्वित किया।