समय-सीमा की बैठक, कलेक्टर ने विभागों के कार्यों की समीक्षा की
बालोद, 18 दिसम्बर 2024। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। श्री चन्द्रवाल ने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समयावधि में समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं संयुक्त कलेक्टर अजय किशोर लकरा, दरबारी राम ठाकुर एवं श्रीमती पूजा बंसल सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने विभिन्न विभागों के प्रगतिरत कार्यों, लक्ष्य एवं उपलब्धियों के संबंध में पावर प्वाइंट पे्रजेंटेशन के माध्यम से जानकारी ली। इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को शिविर आयोजित कर जिले में शेष रह गए हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने जल जतन अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल संरक्षण हेतु जल संचयन, वाटर शेड प्रबंधन एवं किसानों को धान के बदले गन्ना, गेंहूँ, मक्का, चना के उत्पादन के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने आम जनता की सहुलियत को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन तक अपना सुझाव, शिकायत और प्रतिक्रिया प्रस्तुत करने की सुविधा प्रदान करने हेतु व्हाट्सएप्प सुविधा ’पहल’ में प्राप्त प्रकरणों के संबंध में विभागवार जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों के समय सीमा से प्रकरणों की बारी-बारी से समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
