राज्य शासन के एक वर्ष की उपलब्धियों की विधायक ने दी जानकारी, जनादेश परब कार्यक्रम के तहत प्रेसवार्ता
कोण्डागांव, 16 दिसम्बर 2024। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के एक साल पूरे होने के अवसर पर जनादेश परब कार्यक्रम के अंतर्गत आज बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेण्डी की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ, जिसमें शासन के एक वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित दीपेश अरोरा, नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी और एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर उपस्थित रहे।
विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने सबसे पहले राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में राज्य का तेज गति से विकास हो रहा है। राज्य सरकार जन भावनाओं के अनुरूप सभी वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। हर व्यक्ति को सपना होता है कि उनका अपना पक्का मकान हो। आम नागरिकों के इस सपने को पूरा करने के लिए आवास स्वीकृति के लिए तेजी से कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण के बाद सबसे पहला काम 18 लाख लोगों को आवास देने का निर्णय लिया। किसानों के कल्याण के लिए उन्होंने 21 क्विंटल प्रति एकड़ और 3100 रूपए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जा रही है। महिलाओं को सशक्त और मजबूत बनाने के लिए उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत एक हजार रूपए प्रति महीने दी जा रही हैं। अधोसंरचना विकास हो, चाहे स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि आदि क्षेत्रों में उत्तरोत्तर प्रगति हो रही है। मुख्यमंत्री साय द्वारा नई उद्योग नीति के अंतर्गत पर्यटन को शामिल किया गया है, जो सराहनीय है। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि एक वर्ष में जिले के विकास कार्यों में भी गति आई है और हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहा है। कोण्डागांव में ग्राम चौड़ग से चलका मार्ग में पुलि पुलिया निर्माण के लिए 07 करोड़ 18 लाख तीन हजार रूपए, ग्राम मालाकोट बड़ेपारा से ग्राम किबईबालेंगा मार्ग पुल पुलिया निर्माण के लिए 06 करोड़ सड़सठ लाख 57 हजार रूपए, ग्राम नेवता से ग्राम जुनापानी मार्ग में 05 करोड़ 62 लाख लाख छह हजार रूपए, ग्राम बड़ेबेन्दरी से शंकर नगर मार्ग में 03 करोड़ 95 लाख 85 हजार रूपए के और माकड़ी विकासखण्ड अंतर्गत उदेंगा से काटागांव मार्ग में 02 करोड़ 43 हजार 59 लाख रूपए के पुल पुलिया निर्माण का कार्य जारी है।
