कुम्हाररास, गामावाड़ा, बासनपुर, धुरली व पण्डेवार में चल रहे निर्माण कार्यों को देखने पहुंचे सीईओ, अधिकारियों को दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 11 दिसंबर 2024। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा द्वारा बुधवार को कुम्हाररास, गामावाड़ा, बासनपुर, धुरली एवं पण्डेवार में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने सर्वप्रथम कुम्हाररास में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय के कार्य को देखा तथा उसे समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु कहा। तत्पश्चात कुम्हाररास डेम में पर्यटन सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से पर्यटन समिति को कैपिंग से संबंधित सामग्री क्रय करने के लिए निर्देशित किया। ताकि डेम स्थल में कैंपिंग करने, हेतु इच्छुक पर्यटकों के लिए व्यवस्था उपलब्ध हो। इसके साथ ही उन्होंने यहां स्थित ’’वॉच टावर’’ में जल्द ही कैंटीन सुविधा प्रारम्भ करने एवं फर्नीचर इत्यादि व्यवस्था सुलभ कराने हेतु कहा। सीईओ ने कुम्हाररास डेम के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया। इसके बाद उन्होंने ग्राम धुरली में चल रहे मिनी स्टेडियम कार्य के निरीक्षण किया गया। तथा स्थानीय ग्रामीणों द्वारा यहां रिटेनिंग वॉल निर्माण कर मिटटी समतलीकरण के कार्य की मांग की गई। मौके पर सीईओ ने धुरली डेयरी सेंटर में तत्काल 01 सप्ताह के भीतर पर्याप्त पशुओं को रखने हेतु उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने डेयरी में नाली को 03 दिवस के भीतर स्लोपिंग करने को भी कहा। चुंकि ग्राम धुरली नियद नेल्लानार ग्राम अन्तर्गत है अतः यहां विशेष केंद्रीय सहायता से स्वीकृत कार्यों को अविलंब प्रारम्भ करने के निर्देश भी सीईओ द्वारा दिए गए। इस क्रम में सीईओ द्वारा ग्राम गामावाड़ा में निर्माणाधीन 12 मीटर स्पान पुलिया का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य के दौरान कामगारों की कम संख्या देखकर सीईओ ने कामगारों की संख्या बढ़ाने एवं पुलिया को 01 माह के भीतर पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार ग्राम बासनपुर में पहुंचकर सीईओ ने आंगनबाड़ी केन्द्र एवं प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया। और उन्होंने खरीदी बिल के अनुसार राशन एवं अंडे आदि सामग्री का मिलान किया। तथा उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल बर्तन एवं दरी की व्यवस्था करने हेतु कहा। ग्राम झिरका में सीईओ ने झारालावा जलप्रपात स्थल के प्रवेश द्वार को आकर्षक डिजाइन में निर्मित कर इस कार्य को 10 दिन के भीतर पूर्ण कराने हेतु कहा। साथ ही यहां पर्यटकों हेतु बनाए गए ’’बेम्बू हट’’ में कारपेट एवं गददा की व्यवस्था करने, 02 हाई मास्क लाईट, ओपन जिम का प्रस्ताव प्रेषित करने हेतु जनपद सीईओ को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र झिरका में बच्चों को हिन्दी और अंग्रेजी वर्णमाला सिखाने हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को समझाइश दिया। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र की पोताई करवाने एवं बर्तन एवं दरी की व्यवस्था हेतु सचिव को कहा। इसी प्रकार ग्राम पण्डेवार में पहुंचकर एफआरए कलस्टर में निर्मित किए गए बकरी, मुर्गी शेड में 3 दिवस के भीतर मुर्गी के चूजे उपलब्ध कराने हेतु उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाए को निर्देशित किया और सहायक संचालक, मछली पालन को यह तार फेंसिंग कार्य को 01 सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने, 4 तालाबों में पानी की उचित व्यवस्था करने हेतु कहा। इस मौके पर सीइओ जनपद पंचायत पंकज अंगारे सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
