उठाव शुरु नहीं हुआ तो 10 से धान खरीदी बंद

महासमुंद। जिला सहकारी कर्मचारी संघ ने कलेक्टर तथा जिला नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक महासमुंद को पत्र प्रेषित कर उपार्जन केंद्रों से धान का शीघ्र उठाव की मांग की है। संघ ने कहा है कि 9 दिसंबर 2024 तक उठाव प्रारंभ नहीं किया गया तो 10 दिसंबर को जिले के समस्त खरीदी केंद्रों में धान खरीदी बंद कर दिया जाएगा। जिसकी समस्त जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी।
संघ द्वारा साैंपे गए पत्र में बताया गया है कि आज दिनांक 6.12.2024 तक जिले के समस्त उपार्जन केंद्रों में बफर लिमिट से अधिक धान की खरीदी हो गई है। उपार्जन केंद्रों से धान के परिवहन के अभाव में बफर लिमिट से अधिक धान की खरीदी होने तथा खरीदी केंद्रों में धान रखने जगह का अभाव हो रहा है। उक्ताशय की सूचना पूर्व में 3 दिसंबर को सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने पत्र के माध्यम से दिया था। लेकिन, आज दिनांक तक धान का उठाव शुरू नहीं किया गया है। अत: जिले के समस्त समितियों द्वारा 9 दिसंबर तक धान परिवहन की व्यवस्था न होने की स्थिति में 10 दिसंबर को धान खरीदी बंद किया जाएगा।